21 March 2025

हरियाणा विधानसभा में सियासी घमासान! नायब सैनी और भूपेंद्र हुड्डा में बढ़ा टकराव! बीजेपी MLA की कुंवारों को नौकरी की मांग, कादियान और ढांडा के बीच आरोपों की बौछार!

 

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के 8वें दिन 2008 में हुए इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले को लेकर फिर से हंगामा मच गया। भाजपा विधायक ओमप्रकाश यादव ने जवाब मांगते हुए वॉकआउट की चेतावनी दी। इस पर पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा ने फैसला पढ़कर सुनाया। जिस पर CM नायब सैनी ने मामला शुरू से बताना शुरू किया तो हुड्‌डा नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि अगर CM कोर्ट के फैसले को लेकर जो बाते कह रहे, वह सच हों तो मैं इस्तीफा दे देता हूं। वहीं अनिल विज और भूपेंद्र हुड्‌डा भर्ती मामले के साथ विज की उम्र को लेकर भी एक-दूसरे से भिड़ गए।

 

शून्यकाल से पहले कांग्रेस विधायक रघुवीर कादियान ने कहा कि बजट में कुछ स्कीमों में बजट का प्रावधान किया गया है। मेरे पास 160 पन्नों की रिपोर्ट है। इस रिपोर्ट में 215 प्रोजेक्ट ऐसे हैं, जिनका 6 हजार करोड़ रुपया खर्च नहीं किया गया। सदन में इसको लेकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने गुमराह करने का काम किया है। मैं सदन की गरिमा को बनाए रखने के लिए उनके खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने का प्रस्ताव रखता हूं।

 

इस पर जवाब देते हुए कहा कि महिपाल ढांडा ने कहा कि हमने तो सभी आरोपों को बहुत धैर्य से सुना। स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने कादियान को कहा कि वह अपने टाइम में यह बात रखें। इसके बाद कांग्रेस के विधायकों ने हंगामा किया।

 

बीजेपी विधायक मूलचंद शर्मा ने सदन में सवाल किया कि बल्लभगढ़ की शामलात जमीन में कब्जा है। उन्होंने कहा कि इसमें कुंदन कालोनी की आठ एकड़ जमीन में एक एकड़ पर कब्जा है। मेरा ये कहना है कि सरकार की जमीनों पर कब्जे क्यों हो रहे हैं।

 

साथ ही सरकार के नाम ऐसी जमीनों का म्यूटेशन क्यों नहीं किया जाता है। इसका जवाब देते हुए यूएलबी मिनिस्टर विपुल गोयल ने बताया कि जमीन पर कब्जों को रोकने का काम किया जा रहा है। अभी कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है। कुछ मामले कोर्ट में होने के कारण यथास्थिति बनी हुई है। सरकार इन मामलों को लेकर आगे जा रही है। दूसरी और कोई जमीनों पर कब्जा नहीं है।

 

रोहतक से कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने कहा कि हरियाणा के कई जिले ऐसे हैं, जहां पानी की गुणवत्ता बेहद खराब है। इन जिलों से जितने भी सैंपल लिए गए, वह पीने के योग्य नहीं पाए गए। गुरुग्राम और फरीदाबाद जिले ऐसे हैं जहां का पानी बेहद खराब है। कई जिले ऐसे हैं जहां साढ़े नौ मीटर तक ग्राउंड वाटर डाउन हुआ है। 1 लाख हेक्टेयर से अधिक ऐसी भूमि है जो लवणीय हो चुकी है। ये पूरे प्रदेश का विषय है, इस पर चर्चा होनी चाहिए।

 

मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी का ये नायाब बजट है। इस बजट में उद्यमियों, मजदूरों, गरीब, किसान, युवा, महिला सबको साधा गया है। इस बजट ने नए आयाम स्थापित किए हैं। इस बजट में 2047 का विजन दिखता है। सबसे अहम बात यह है कि इस बजट में हर विधायक को अपने-अपने हलके में विकास कार्य के लिए 5 करोड़ रुपए दिए जाने का भी प्रावधान किया गया है।

 

फिरोजपुर झिरका से कांग्रेस विधायक मामन खान ने कहा कि मैं सत्ता पक्ष को याद दिलाना चाहता हूं कि भूपेंद्र सिंह जब मुख्यमंत्री थे तब मेवात जिला बना था, तब यहां कॉलेज बना था। यहां तीन तीन बस अड्‌डे बने थे। तब मेवात में चहुंमुखी विकास हुआ था। कोटला झील विकसित की गई थी। दर्जनों बिजली घर बनाए गए थे। शानदार न्यायिक भवन बनाया गया था। जब से ये सरकार आई है, 10 साल से एक पत्थर मेवात में नहीं लगाया है।

 

सफीदों से बीजेपी विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि ये जो बजट है वह बहुत ही बेहतरीन है। ये सब के लिए है। ये जो विपक्ष के लोग बजट को दिशाहीन बता रहे हैं, उनको पीछे मुड़ने की जरूरत है। तब की सरकारें जब बनती थीं तब सिर्फ कुछ ही जगह पर फोकस किया जाता था। ये आज की सरकार सबको सबका हक देने का काम कर रही है। लोगों को महसूस हुआ है कि मेरिट के आधार पर नौकरी लगनी चाहिए। आज उन परिवारों की नौकरी लगी है जिनके पास न तो पैसा है और न ही कोई सिफारिश।

प्रश्नकाल में विनेश-श्रुति आमने-सामने: शून्यकाल में इंस्पेक्टर भर्ती पर हंगामा, गौतम का गोहाना की जलेबी पर तंज 100 तस्करों की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर

 

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र की सातवें दिन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। जिसमें ड्रेन पक्की करने को लेकर जुलाना MLA विनेश फोगाट और सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी आमने-सामने आ गईं। इसके बाद शून्यकाल में कांग्रेस सरकार के इंस्पेक्टर भर्ती के मामले को लेकर जारदार हंगामा हुआ। 2008 के इंस्पेक्टर भर्ती घोटाले को लेकर जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि हाईकोर्ट ने एक फैसला दिया है। जिसमें पता चला कि 20 इंस्पेक्टर भर्ती किए गए थे। जो बच्चा टॉप था, उसे नौकरी नहीं मिली। फेल बच्चों को पास कर दिया गया। सुनील सांगवान के इस बयान पर कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। विपक्ष के हंगामे पर मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इन्हें मिर्ची लग गई। इसके बाद CM खड़े हुए और कहा कि भर्ती में फ्ल्यूड का इस्तेमाल कर फेल बच्चों को टॉप कर दिया गया। कोर्ट ने सरकार की प्रक्रिया पर भी चिंता जताई है। उस समय की सरकार में युवाओं को न्याय नहीं मिलता था। इस पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने पहले वेल में नारेबाजी की और फिर वॉकआउट कर दिया।

 

भाजपा विधायक रामकुमार गौतम ने सदन में नकली दवाओं का मुद्दा उठाया। गौतम ने कहा कि इससे हमारी नसल कमजोर हो रही है। इसके लिए सजा सख्त होनी चाहिए। कुछ दिन पहले गोहाना की जलेबी को लेकर विधायक गौतम और मंत्री अरविंद शर्मा आपस में भिड़ गए थे। गौतम ने कहा था कि गोहाना की जलेबी अब शुद्ध नहीं रही, यह घी की जगह डालडा में बनाई जा रही है। इसके बाद 17 मार्च को विधानसभा में गोहाना की जलेबी लाई गई लेकिन विधायक गौतम ने खाने से इनकार कर दिया था।

 

विधायक शीशपाल केहरवाला ने सिंथेटिक नशे का मामला उठाया। इस पर संसदीय कार्यमंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि इसके लिए सरकार ने एक संकल्प नाम का प्राधिकरण बनाने का प्रस्ताव बजट में रखा है। उससे पहले सरकार लगातार नशे के कारोबार को तोड़ने पर काम कर रही है। इसके तहत सरकार नशे की सप्लाई रोक रही है, अब तक 17 हजार ऐसे मामलों में केस दर्ज हो चुके हैं। इसमें 25 हजार लोगों को जेल में डाला गया है। 1800 तस्करों के खिलाफ केस दर्ज हुए, बड़े स्मगलरों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें वह दस साल की सजा जेल में काट रहे हैं। 117 तस्करों की 53 करोड़ की प्रॉपर्टी को जब्त किया है। 100 तस्करों के अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त भी किया गया है।​​​

 

करनाल से बीजेपी विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि करनाल की 26 अनियमित कालोनियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सरकार को जल्द से जल्द इन्हें नियमित कराने की कार्रवाई करनी चाहिए। स्ट्रीट लाइटों को भी लगाने की मांग सदन में रखी। करनाल की सबसे ज्वलंत समस्या के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि ड्राइविंग स्कूल को तुरंत समाप्त किया जाए। यहां पर रोज झगड़े हो रहे हैं। परिवार पहचान पत्र में लोगों की आय 1.80 लाख रुपए की गई है, जिसको दो लाख से अधिक किया जाए। इससे अधिक से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।

 

रतिया से कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह ने अपने हल्के की समस्या उठाई। उन्होंने सबसे पहले रतिया चौक से संजय गांधी चौक तक रोड की खस्ताहालत है। ये फतेहाबाद, रतिया, बाया चंडीगढ़ जाती है, ये स्टेट हाईवे भी है, इसलिए इसको जल्दी से जल्दी से बनाना चाहिए। 2023 के फ्लड के कारण मेरे हल्के में नहरी खाले लगभग खत्म हो चुके हैं। सरकार की ये कंडीशन है कि ये नहरी खाले 20 साल तक बनाए जाएंगे। सरकार को इस नियम को छोड़कर इन्हें बनाया जाए, जिससे किसानों को सिंचाई का पानी मिल सके।

 

विधायक बलराम दांगी ने सदन में बोलते हुए कहा कि, मेरे हल्के के कुछ डिमांड हैं, सात अक्टूबर 2012 में महम में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने साई सेंटर महम की आधार शिला रखी थी, इसको 2014 तक तैयार होना था। अब वह खाली पड़ी है, यहां नशे का अड्‌डा बन गया है। मेरी सरकार से मांग है कि सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। हमारे महम के अस्पताल का भी बहुत बुरा हाल है, यहां से सिर्फ केस रेफर किए जाते हैं, मैं सरकार से मांग करता हूं कि अब अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाई जाए और सारी सुविधाएं शुरू की जाएं।

 

कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने अवैध माइनिंग का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा- तस्वीर देखकर जज बोले कि माफिया पूरा पहाड़ खा गया। डाडम में मैं गया था मुख्यमंत्री जी के साथ, हुड्‌डा साहब के साथ। वहां नीचे देखकर डर लगता है। मैं देख नहीं सका। इस पर मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि वहां माइनिंग बंद है। आज भी बंद है, जब ये गए थे तब भी बंद थी। पूर्व सीएम हुड्‌डा ने कहा कि ये खट्‌टर साहब के कार्यकाल के दौरान की बात है, जब वहां आदमी मर गए थे। इसका खंडन करते हुए पंवार ने कहा कि ऐसा नहीं है। इस पर हुड्‌डा ने कहा कि मैं पिछले टर्म की बात कर रहा हूं, जब ये विधायक नहीं थे। इस पर पंवार ने कहा कि आप तो सीनियर हैं।

हरियाणा में 2 लाख करोड़ से ज्यादा का बजट: 50 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा, राज्य में डंकी रूट के लिए कठोर कानून आएगा

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर वित्त मंत्री अपना पहला बजट पेश किया है। हरियाण राज्य के इतिहास में पहली बार का 2 लाख 5 हजार 17 करोड़ का बजट पेश हुआ है। इस बार के बजट में 13.7% यानी करीब 16 हजार करोड़ की बढ़ोत्तरी हुई है। CM सैनी ने युवाओं को नशे से बचाने को लेकर मैथिलीशरण गुप्त की कविता 'हम क्या थे, क्या हो गए, और क्या होंगे, अभी, आओ विचारो मिलकर ये समस्याएं सभी।'' के साथ अपने बजट भाषण की शुरूआत की।

 

                हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

               कृषि एवं किसान

हर 10 किलोमीटर के दायरे में नया मॉडल संस्कृति स्कूल खोला जाएगा

सहकारिता क्षेत्र के लिए 1254 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है

मत्सय विभाग की आवंटित राशि बढ़ाकर 218.76 करोड़ रुपए किया गया है

पशुपालन विभाग की राशि को 5.9% बढ़ाकर 2083.43 करोड़ किया गया है

बागवानी विभाग की आवंटित राशि  बढ़ाकर 1068.79 करोड़ किया गया है

किसान कल्याण की आवंटित राशि को 4 हजार 229.29 करोड़ किया गया है

हिसार में अमरूद के लिए प्रसंस्करण और प्रोसेसिंग प्लांट शुरू किया जाएगा

प्रदेश में 750 हरित स्टोर और 350 नए वीटा बूथ खोले जाएंगे

हर ब्लॉक में एक दूध संग्रह केंद्र और जिले में शीतलन केंद्र खोले जाएंगे

महिला बागवानों को एक लाख तक के कर्ज पर कोई ब्याज सरकार नहीं लेगी

नकली बीज और कीटनाशक के खिलाफ मौजूदा सत्र में अलग से बिल

1 लाख एकड़ भूमि पर प्राकृतिक खेती का लक्ष्य रखा गया है

देसी गाय को खरीदने के लिए अनुदान राशि बढ़ाकर 30 हजार किया गया है

धान की खेती छोड़ने वालों की अनुदान राशि बढ़ाकर 8000 प्रति एकड़ की गई है

पराली प्रबंधन करने वालों का भी अनुदान बढ़ाकर 1200 प्रति एकड़ किया गया है

यूरिया और DAP बिक्री को मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से जोड़ा जाएगा

सभी गौशालाओं में 51 शैड बनाने के लिए 5 करोड़ का अनुदान प्रावधान है

 

                हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

                   युवा एवं रोजगार

 

मिशन हरियाणा 2047 के तहत 50 लाख युवाओं को सरकार रोजगार देगी

इस मिशन के लिए सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए का प्रस्ताव किया गया है

हरियाणा AI मिशन के लिए वर्ल्ड बैंक ने 474 करोड़ रुपए का आश्वासन दिया है

इससे गुरुग्राम और पंचकुला में एक- एक हब बनाया जाएगा

50 हजार युवाओं को मॉडर्न तकनीकों का प्रशिक्षण देने का भी प्रस्ताव है

डंकी रूट को लेकर हरियाणा सरकार कठोर कानून लेकर आएगी

 

           हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

          पर्यटन के लिए घोषणाएं

 

कम से कम 5 टूरिस्ट कॉम्पलेक्स पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर दिए जाएंगे

फरीदाबाद में इंटरनेशनल सूरजकुंड मेला साल में 2 बार आयोजित किया जाएगा

लोहारू फोर्ट, भिवानी को पर्यटन के लिए विकसित किया जाएगा

राखीगढ़ी में वार्षिक स्तर पर मेला लगाया जाएगा

कुरुक्षेत्र में महाभारत अनुभव केंद्र को 205.58 करोड़ से डेवलप किया जा रहा है

अग्रोहा में पुरातात्विक स्थल की खुदाई जल्द शुरू होगी

यादवेंद्र गार्डन पिंजौर और टिक्कर ताल, मोरनी को केंद्र की मदद से विकास होगा

 

              हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

                    खेल एवं खिलाड़ी

 

खिलाड़ियों की डाइट मनी 400 रुपए से बढ़ाकर 500 रुपए प्रति दिन की जाएगी

ओलिंपिक विजेता अपने जिले में खेल एकेडमी खोलना चाहे तो सरकार 5 करोड़ तक का लोन दिलाएगी और 2% सब्सिडी देगी

खिलाड़ियों के लिए 3 सर्वश्रेष्ठ अखाड़ों को 50 लाख, 30 लाख और 20 लाख का इनाम

नेशनल और इंटरनेशनल खिलाड़ियों को 20 लाख तक का बीमा किया जाएगा

विज्ञान, इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुशन पर छात्राओं को 1 लाख रूपए ओलिंपिक विजेताओं को अपने कारोबार के लिए 10 लाख तक की सहायता दी

बिजनेस न करना चाहें तो उन्हें कौशल प्रशिक्षक के तौर पर रोजगार दिया जाएगा

                 

        हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

         महिला एवं बाल विकास

 

2 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि खर्च करके 80 हजार कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार किया जाएगा

 

नूंह जिले में लड़कियों के लिए किशोरी योजना को 60 करोड़ रुपए की अतिरिक्त धनराशि से सभी 22 जिलों में लागू होगी

 

कामकाजी महिलाओं के लिए पंचकूला, पानीपत, सोनीपत, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में महिला छात्रावास बनाए जाएंगे

 

व्यापार में महिलाओं को सरकारी संस्थानों, पंचायतों, शहरी निकाय, शैक्षणिक संस्थानों में चल रही कैंटीनों के एक तिहाई टेंडर महिला स्वंय सहायता समूहों को

 

2000 आंगनबाड़ी केंद्रों को 81.63 करोड़ रुपए की धनराशि से चरणबद्ध तरीके से प्ले स्कूल में परिवर्तित होंगे

 

2000 आंगनबाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में परिवर्तित होंगे

 

           हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

       परिवहन एवं नागरिक उड्‌डयन

 

हिसार एयरपोर्ट से अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद और जम्मू के लिए जल्द हवाई सेवा शुरू होगी

हिसार में 2988 एकड़ जमीन में औद्योगिक इकाइयां स्थापित की जाएंगी

गुरुग्राम में 16 एकड़ जमीन पर हेलिपोर्ट बनेगा

सालासर, खाटूश्याम जी, पितांबरी माता और चंडीगढ़ को हेलिकॉप्टर के माध्यम से जोड़ा जाएगा

पायलट प्रशिक्षण के लिए 10 सिंगल इंजन और 2 डबल इंजन ट्रेनिंग वाले जहाज खरीदे जाएंगे

ट्रेनी पायलटों का ट्रेनिंग पीरियड को 3-4 साल से घटाकर 1 साल किया जाएगा

सरकार 500 नॉन AC, 150 HVAC और 375 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी

71 करोड़ से ट्रांसपोर्ट भवन बनाया जाएगा

सभी दिव्यांगों को मुफ्त यात्रा मिलेगी

बसों को रेलवे जैसे जीपीएस से ट्रैक किया जा सकेगा

सरकार लंबे रूट पर भी ई-बसें चलाएगी

परिवहन वाहनों पर वार्षिक मोटर व्हीकल टैक्स के बजाय आजीवन टैक्स लगेगा

 

             हरियाणा बजट से जुड़ी बड़ी बातें

                  पर्यावरण के लिए घोषणाएं

 

पर्यावरण में सुधार के लिए हरियाणा सरकार द्वारा वाहनों की स्क्रैप पॉलिसी बनाएगी।

बजट में इसके लिए ई वेस्ट प्रबंधन की नई पॉलिसी बनाई जाएगी

औद्योगिक ईकाइयों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा

गुरुग्राम व नूंह जिले में 10,000 एकड़ भूमि पर अंतर्राष्ट्रीय स्तर की अरावली जंगल सफारी बनाने का काम शीघ्र शुरू किया जाएगा

इसके लिए वित्त वर्ष 2025-26 में समुचित राशि का प्रबंध किया जाएगा

यमुनानगर में फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट बनाया जाएगा

प्राण वायु देवता पेंशन योजना के तहत सम्मानित किए जाने वाले योग्य पेड़ों की पहचान करने के लिए नया सर्वेक्षण किया जाएगा

दुर्लभ व संकटग्रस्त देसी वृक्ष प्रजातियों के संरक्षण और विकास के लिए योजना बनाकर इन प्रजातियों के जीन-पूल को सुरक्षित किया जायेगा

IMT मानेसर गुरुग्राम में पर्यावरण प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा

हरियाणा सरकार वर्ल्ड बैंक के साथ तकनीकी व वित्तीय सहयोग के लिए अनुबन्ध करेगी

वायु प्रदूषण के रोकथाम के लिए आने वाले 6 वर्षों में 3647 करोड रुपए का निवेश होगा

बजट में इसके लिए 2024-25 के संशोधित अनुमान 538.54 करोड़ रुपए को 32.7% से बढ़ाकर वर्ष 2025-26 में 714.89 करोड रुपए किया गया है

 

12 March 2025

हरियाणा में फिर चली बीजेपी की आंधी ! 10 में से 9 निगमों में बीजेपी की प्रचंड जीत, निगम में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला, हुड्डा-सैलजा भी नहीं बचा सके गढ़ ! 9 निगमों में लहराया भगवा !

 

हरियाणा के 10 नगर निगमों के मेयर चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। भाजपा रोहतक, करनाल, अंबाला, सोनीपत और फरीदाबाद नगर निगम में मेयर का चुनाव जीत गई है। जबकि मानेसर निगम में निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. इंद्रजीत यादव ने जीत दर्ज की है। डॉ. इंद्रजीत यादव ने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री व गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत के करीबी बताकर प्रचार किया था। कांग्रेस सभी निगमों में पीछे रही। कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के विधानसभा क्षेत्र जुलाना की नगर पालिका में चेयरमैन पद के लिए भाजपा के डॉ. संजय जांगड़ा ने जीत दर्ज की है। फतेहाबाद जिले की जाखल मंडी नगर पालिका में निर्दलीय उम्मीदवार विकास कुमार चेयरमैन बन गए हैं। यहां भाजपा उम्मीदवार सुरेंद्र मित्तल हार गए। 8 नगर निगमों में मेयर के साथ वार्ड पार्षदों के लिए मतगणना हुई। 2 नगर निगमों, सोनीपत और अंबाला में सिर्फ मेयर के लिए उपचुनाव की मतगणना हुई। नगर निगमों के अलावा 32 नगर पालिका और नगर परिषदों के लिए भी चुनाव और उपचुनाव की मतगणना के परिणाम सामने आ चुके हैं।

 

                                     मेयर पद पर हार-जीत     

 

सोनीपत (उपचुनाव)         राजीव जैन (भाजपा)                      जीते

करनाल                            रेणु बाला गुप्ता (भाजपा)              जीतीं

फरीदाबाद                          प्रवीन जोशी (भाजपा)                    जीतीं

मानेसर                            इंद्रजीत यादव (निर्दलीय)               जीतीं

अंबाला (उपचुनाव)                सैलजा सचदेवा (भाजपा)              जीतीं

रोहतक                           राम अवतार वाल्मीकि (भाजपा)       जीते

गुरुग्राम                              राज रानी मल्होत्रा (भाजपा)             जीतीं                

हिसार                                    प्रवीण पोपली (भाजपा)                जीते

यमुनानगर                             सुमन बहमनी  (भाजपा)               जीतीं

पानीपत                                  कोमल सैनी (भाजपा)                जीतीं

 

अंबाला शहर में मेयर पद के लिए हुए उप चुनाव में भाजपा ने भारी मतों से जीत हासिल की है। भाजपा उम्मीदवार शैलजा सचदेवा 20437 वोटों से जीत हासिल की और कांग्रेस उम्मीदवार अमीषा चावला को कड़ी शिकस्त देते हुए हरा दिया। अंबाला शहर में भाजपा की 2019 के बाद किसी बड़े चुनाव में यह पहली जीत है। इस जीत से बीजेपी काफी गदगद है। अंबाला की जीत पर पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में बीजेपी लगातार जीत का सिक्सर लगा रही है। अब ट्रिपल इंजन सरकार में विकास का पहिया और तेजी से घूमेगा।


शैलजा सचदेवा अंबाला शहर नगर निगम की तीसरी मेयर होंगी। शैलजा सचदेवा जीत के बाद काफी खुश दिखाई दी और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। शैलजा सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें कमल का फूल थमाया था कलम जनता ने भी थमा दी है। प्रदेश का अब तेजी से विकास होगा।



बीजेपी के लिए यह जीत काफी महत्वपूर्ण है। भाजपा को लंबे अरसे के बाद अंबाला शहर में कामयाबी मिली है। भाजपा की जीत पर अंबाला भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस जीत का श्रेय भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को दिया है।


शहरी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का भी बयान सामने आया है। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि चुनाव जहां पर हुए हैं, वहां पहले भी कांग्रेस नहीं थी। मैंने कभी भी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव के लिए प्रचार नहीं किया ना मैं कहीं प्रचार करने गया था। मुझे नतीजे के बारे में नहीं पता लेकिन पहले से कुछ पार्षद जरूर बढ़े होंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के इस बयान से आप खुद अंदाजा लगा सकते हैं कि कांग्रेस निकाय चुनाव को लेकर कितनी गंभीर थी!

 

फरीदाबाद से सांसद कृष्ण पाल गुर्जर ने भाजपा मेयर प्रत्याशी प्रवीण बत्रा जोशी को बधाई देते हुए कहा कि फरीदाबाद की जनता ने यहां पर कांग्रेस मुक्त कर दिया है। निगम चुनाव परिणाम के बाद कांग्रेस का पूरी तरीके से सफाया हो गया है नगर निकाय चुनाव में मेयर पद पर कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है।

 

फरीदाबाद से मेयर का चुनाव जीतने के बाद बीजेपी के नव निर्वाचित मेंयर प्रवीण जोशी ने सभी कार्यकर्ताओं और फरिदाबाद के जनता का आभार जताया है। गुरुग्राम में भाजपा की उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस की उम्मीदवार सीमा पाहुजा को हराया है। जीत के बाद राज रानी मल्होत्रा ने कहा कि शहर के कुड़ा, सड़क, पार्कों की समस्या का जल्द समाधान करेंगे।

 

हिसार नगर निगम में मेयर पद पर भाजपा ने दूसरी बार कब्जा किया है। बीजेपी के प्रवीण पोपली ने यहां से जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस के कृष्ण टिटू सिंगला को हराया है। यहां मेयर पद के लिए 7 उम्मीदवार और पार्षदों के लिए 116 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। भाजपा उम्मीदवार प्रवीन पोपली और कांग्रेस उम्मीदवार कृष्ण सिंगला के बीच मुख्य मुकाबला रहा।

 

करनाल नगर निगम में भी बीजेपी मेयर उम्मीदवार रेणुबाला गुप्ता ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है। रेणुबाला ने 25 हजार 359 वोटों से कांग्रेस उम्मीदवार मनोज वधवा को हराया है। जीत के बाद बीजेपी मेयर उम्मीदवार ने कहा कि विकास के मुद्दे पर उन्होंने ये जीत हासिल की है।

 

हरियाणा में BJP ने 10 में से 9 निगम में प्रचंड जीत हासिल कर प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में सफल हासिल की है। कांग्रेस का खाता तक नहीं खुला, हुड्‌डा से लेकर सैलजा तक अपना गढ़ नहीं बचा सके। मानेसर नगर निगम में निर्दलीय डॉ. इंद्रजीत यादव चुनाव जीतीं हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार सुंदर लाल को हराया दिया। इंद्रजीत यादव ने खुद को केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से भाजपा सांसद राव इंद्रजीत की करीबी बताकर प्रचार किया था। वहीं पानीपत के सियासी रण में भी बीजेपी ने बाजी मारी है। बीजेपी मेयर उम्मीदवार कोमल सैनी ने यहां से जीत दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस की सविता गर्ग को 1 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया है।


निकाय चुनाव में प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही हथियार बेच दिए थे, वो अपनी गलत नीतियों के कारण चुनाव हारी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाण के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में हरियाणा की जनता ने ट्रिपल इंजन सरकार पर अपनी मुहर लगाई है। मैं हरियाणा की जनता का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। चुनाव आयोग और सभी अधिकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए धन्यवाद देता हूं। हमारी स्थानीय निकाय सरकार और यह ट्रिपल इंजन सरकार पीएम नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के विजन को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।


इस जीत से ऐसा लग रहा है कि हरियाणा में बीजेपी की आंधी चल पड़ी है। बीजेपी ने निकाय चुनाव में भी कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है। विधानसभा चुनाव में मिली जीत के बाद सीएम नायब सैनी अपने पहले टेस्ट में भी पास हो गए हैं। हरियाणा के 10 नगर निगमों में 9 पर बीजेपी के मेयर प्रत्याशियों ने चुनाव जीता है। ऐसे में बड़ी सरकार के साथ हरियाणा की छोटी सरकार पर भी अब बीजेपी का कब्जा हो गया है।