04 March 2025

हरियाणा में निकाय चुनाव संपन्न: 12 मार्च को आएंगे फाइनल नतीजे, फतेहाबाद में सबसे ज्यादा वोटिंग हुई, सोनीपत में हुई सबसे कम वोटिंग प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद

 

हरियाणा के स्थानीय निकायों में छोटी सरकार चुनने को लेकर आज मतदान संपन्न हो गया। स्थानीय निकायों के पहले चरण में सात निकायों में विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। कुल 40 स्थानीय निकायों में सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक लोगों ने बढ़चढ़ कर मतदान होगा। मतदाताओं को नतीजों के लिए 12 मार्च तक इंतजार करना होगा। नौ मार्च को पानीपत नगर निगम के चुनाव होने हैं, जिसके बाद सभी निकायों के चुनाव परिणाम एक साथ घोषित किए जाएंगे। अधिकतर निकायों में भाजपा और कांग्रेस की सीधी टक्कर है, जबकि कुछ जगह त्रिकोणीय मुकाबला भी देखने को मिला। अंबाला और गुरुग्राम में मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के अलावा तीसरा कोई प्रत्याशी चुनावी रण में नहीं था।

                            कहां- कहां मतदान हुआ ?

                           नगर निगम

फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, हिसार, करनाल, पानीपत, रोहतक

यमुनानगर में मेयर और पार्षदों के चुनाव एक साथ हुए

अंबाला और सोनीपत में मेयर पद के लिए उपचुनाव हुए            

                           नगर परिषद

अंबाला सदर, पटौदी जटोली मंडी, थानेसर

सिरसा में पार्षद पद और नगर प्रमुख के लिए मतदान हुआ

सोहना नगर परिषद में केवल चेयरमैन पद के लिए उपचुनाव हुआ            

                 नगर पालिकाएं

बराड़ा, बवानी खेड़ा, लोहारू, सिवानी, जाखल मंडी, फरूख नगर, नारनौंद, बेरी, जुलाना, कलायत, सीवन, पूंडरी, इंद्री, नीलोखेड़ी, अटेली मंडी, कनीना, तावडू, हथीन, कलानौर, खरखौदा और रादौर में प्रधान और पार्षद पद के लिए मतदान हुआ

असंध और इस्माइलाबाद में चेयरमैन

सफीदों के वार्ड नंबर 14, तरावड़ी के वार्ड नंबर पांच

लाडवा के वार्ड नंबर 11 में पार्षद पद के लिए उपचुनाव हुआ

 

वोटिंग के बीच गुरुग्राम के सेक्टर-7 में वार्ड नंबर 32 के बूथ पर लोगों ने हंगामा किया। शिव बडोनी नाम के व्यक्ति ने बताया कि वोटर लिस्ट में उसका नाम नहीं है। जबकी उसने विधानसभा चुनाव में वोट डाला था, लेकिन निकाय चुनाव में हमारे नाम ही गायब कर दिए। यहां अपडेटेड लिस्ट आनी चाहिए। वहीं करनाल के वार्ड नंबर 2 में EVM का बटन बंद को लेकर हंगामा हो गया। निर्दलीय उम्मीदवार विकास पांचाल ने कहा कि बटन सुबह से नहीं चल रहा। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए 10 मिनट वोटिंग रोकनी पड़ी। कैथल में सीवन नगर पालिका के बूथ नंबर 6 पर EVM में गड़बड़ी को लेकर हंगामा हो गया। निर्दलीय उम्मीदवारों और उनके एजेंट्स ने आरोप लगाया कि EVM पर स्याही लगा वोटरों को प्रभावित किया जा रहा है। गुरुग्राम के सराय अलरवादी के बूथ में एक शराबी घुस गया। उसने पहले वोट डाला। इसके बाद वह हंगामा करने लगा कि मुझे दोबारा वोट डालना है। वह बार-बार EVM के पास जाने लगा। जिसके बाद पुलिस ने उसे पोलिंग बूथ से बाहर निकाल दिया। रोहतक के वार्ड 16 में भारतीय कन्या स्कूल में बनाए गए बूथ के अंदर मेयर वोटिंग की EVM मशीन खराब हो गई थी। पहले 2 मशीनें लाई गईं लेकिन वह खराब निकलीं, तीसरी नई EVM मंगवाकर वोटिंग शुरू कराई गई। 


गुरुग्राम के वार्ड 5 में भी EVM में खराब हो गई। यहां करीब एक घंटे वोटिंग बंद रही। जिसके बाद दूसरी मशीन लाकर वोटिंग शुरू कराई गई। नूंह में तावडू नगर पालिका चुनाव बूथ पर EVM मशीन बंद हो गई थी। यहां करीब सवा घंटे बाद दूसरी मशीन से मतदान शुरू कराया गया। फतेहाबाद में जाखल के वार्ड-4 में अध्यक्ष पद को लेकर लगाई गई ईवीएम मशीन करीब एक घंटे खराब रही। इसके बाद चुनावकर्मियों ने इसे बदलकर वोटिंग शुरू कराई। वहीं झज्जर में बेरी के वार्ड नंबर 14 में 10 मिनट तक EVM खराब रही। इसके बाद यहां दूसरी EVM लगाई गई। परिवहन एवं बिजली मंत्री अनिल विज ने अंबाला की शास्त्री कॉलोनी स्थित बूथ पर मतदान के बाद प्रदेश में ट्रीपल इंजन की सरकार बनने का दावा किया।

 

हरियाणा के फरीदाबाद में सेक्टर 28 में बने मतदान केंद्र 803 पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने वोटिंग शुरू होते ही कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ पहुंचकर मतदान किया। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद नगर निगम में भाजपा की सबसे बड़ी जीत होगी, कांग्रेस हताश हो चुकी है, कांग्रेस ने जो प्रचार कमेटी बनाई कोई भी नेता प्रचार करने नहीं आया।

 

अपना वोट डालने पहुंचे भाजपा नेता डॉक्टर कमल गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में वोट की चोट सबसे मजबूत होती है। मैं वोट डालने अपने परिवार के साथ अपनी पत्नी,पुत्र व माता जी जो 98 साल की हो चुकी है उनके साथ आया हूं। आज बड़ी प्रसन्नता हो रही है। कमल गुप्ता ने शहर में जाम की स्थिति है खत्म करने का दावा करते हुए कहा कि यहां लोकल बस स्टैंड भी रहेगा और जो मुख्य बस स्टैंड है वह भी शिफ्ट करेंगे। यह चुनाव भारतीय जनता पार्टी का चुनाव है कांग्रेस कहीं नजदीक भी नजर नहीं आ रही है। अब जनता कांग्रेस को नहीं लाने वाली कांग्रेस की सभी जगह जमानत जब्त होगी। काफी जगह तो कांग्रेस पहले ही भाग गई है।


केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल के प्रेम नगर स्थित बूथ नंबर 239 पर मतदान के बाद कहा कि मेरा वोट एक खुशहाल करनाल के लिए है। जनता अपने पंसद का उम्मीदवार चुनेगी। वहीं करनाल से बीजेपी मेयर पद की उम्मीदवार रेणु बाला ने जीत का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी निगमों में कमल का फूल खिलेगा। सिरसा में वोट डालने पहुंचे पूर्व बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने कहा कि वोट डालना व अपना प्रतिनिधि चुनना लोकतंत्र की खूबसूरती है। चेयरमैन का डायरेक्टर चुनाव होना भी अच्छी बात है। आजकल हर आदमी राजनीतिक तौर पर समझदार है, मुद्दे हर समय बदलते हैं। मतदाता वोट अपनी मर्जी से वोट करते हैं।

 

कैथल के सीवन नगर पालिका में अति संवेदनशील बूथ नंबर-6 पर भारी विवाद उस वक्त खड़ा हो गया जब ईवीएम मशीन पर स्याही लगाकर उम्मीदवार को जिताने की कोशिश की गई। जब पोलिंग एजेंट ईवीएम मशीन को देखने गया तो उसको भी देखने से मना कर रोक दिया गया। वहीं बीजेपी प्रत्याशी का कहना था कि कमल के निशान के आगे किसी ने स्याही लगा दी है, जिससे चुनाव चिन्ह को देखने में दिक्कत आ रही है। इस मामले को लेकर विपक्षी पार्टियों ने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की। पूरे विवाद पर अब तक चुनाव आयोग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शाम 5 बजे तक प्रदेश में 47% वोटिंग हुई। आगर जिलावाइज वोटिंग प्रतिशत की बात करें तो....

 

              हरियाणा में शाम 5 बजे तक जिलावाइज वोटिंग

 

जिला                                              वोटिंग (%)

अंबाला                                               37.2

भिवानी                                              74.2

फरीदाबाद                                          34.5

फतेहाबाद                                           84

गुरुग्राम                                              39.7

हिसार                                                 46.1

झज्जर                                               69.3

जींद                                                   69.4

कैथल                                                70.7

करनाल                                              41.2

कुरुक्षेत्र                                               43.8

महेंद्रगढ़                                            76.1

नूंह                                                    68.4

पलवल                                              73.4

रोहतक                                              47.1

सिरसा                                              47.5

सोनीपत                                              26

यमुनानगर                                       47.6

 

चुनाव आयोग के मुताबिक 6 बजे तक प्रदेश में 40.80% वोटिंग हुई है।  हरियाणा में नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए हैं। विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं में हुए इन चुनावों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें 12 मार्च को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए और मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतगणना 12 मार्च को होगी, जिसके बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि किन दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को जनता का समर्थन मिला है।

No comments:

Post a Comment